राजस्थान में फिल्म ‘वीर’ के खिलाफ प्रदर्शन
फिल्म ‘वीर’ के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर जयपुर में राजपूत संगठन करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर सिनेमाघरों में तोड़फोड़ की और प्रदर्शन किया।
करणी सेना का कहना है कि फिल्म ‘वीर’ में राजपूत समाज के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे समाज के लोग सहन नहीं करेंगे। इस संबंध में शुक्रवार को एडीएम लोकनाथ सोनी को ज्ञापन भी दिया था।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने झोटवाड़ा पुलिया के नजदीक स्थित ट्राइटन मॉल में स्थित मल्टीप्लेक्स में घुसने का प्रयास किया तथा तोड़फोड़ की। मॉल में इन्होंने कांच, गमले व अन्य सामान तोड़ दिए। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
इसके बाद कार्यकर्ता वैशाली नगर स्थित आइनॉक्स मॉल के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। यहां भी तोड़फोड़ की गई, पर इस दौरान पुलिस ने करणी सेना के 22 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
झोटवाड़ा थाने में ट्राइटन मॉल के मैनेजर सम्राट मिश्रा ने आरोपियों के खिलाफ झोटवाड़ा थाने में नामजद मामला दर्ज कराया हैं। अचानक हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सिनेमाघरों में पुलिस तैनात की गई है।
नाक की सर्जरी नहीं करवाई: किम
अमेरिकी अभिनेत्री और मॉडल किम कैरडेशियन ने कहा है कि उनकी नाक की सर्जरी नहीं हुई है।
वेबसाइट ‘कांटेक्ट म्यूजिक डॉट कॉम’ के अनुसार 29 वर्षीया किम ने उन अफवाहों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने नाक की सर्जरी करवाई है। वैसे उन्होंने भविष्य में कॉसमेटिक सर्जरी से इंकार नहीं किया है।
हाल ही में एक पत्रिका में खबर छपी थी कि किम ने नाक की सर्जरी करवाई है। इस संबंध में उन्होंने कहा कि यह खबर सही नहीं है लेकिन वह भविष्य में ऐसा कर सकती हैं।
सलमान की फैन हूं मैं: जरीन खान
सलमान खान की नई खोज हैं जरीन खान। वे हालिया रिलीज फिल्म वीर की नायिका हैं। मुंबई के बांद्रा में पली-बढ़ी जरीन डॉक्टर बनना चाहती थीं, लेकिन उनकी मम्मी के पास इतना पैसा नहीं था कि वे उन्हें इसकी पढ़ाई करा सकें। जरीन की जुबानी, मैं अट्ठारह साल की थी जब पापा हमें छोड़कर चले गए। मेरी और छोटी बहन की जिम्मेदारी मम्मी पर आ गई। वे किसी तरह घर का खर्च चला रही थीं, लेकिन बाद में जब उनकी सेहत खराब रहने लगी, तो मैंने काम करने का फैसला किया। मॉडलिंग में मुझे लगा कि जल्दी पैसा कमा सकती हूं। मैं पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग करने लगी। मुझे जल्द ही मॉडलिंग के असाइनमेंट मिलने लगे। उनसे मुझे जो पैसा मिलता, उससे घर का खर्च चलता था। तरंग ने इस मुलाकात में जरीन से उनके निजी जीवन, सलमान खान, कट्रीना कैफ और भावी योजनाओं के बारे में बात की..।
सलमान खान से पहली बार आप कब, कहां और कैसे मिलीं?
फिल्म युवराज के सेट पर मैं पहली बार उनसे मिली। मेरे पास एक दिन सुभाष घई के ऑफिस से फोन आया कि आपको युवराज के सेट पर बुलाया गया है। मैं सलमान की फैन हूं। उन्हें नजदीक से देखने के लालच में मैं सेट पर पहुंच गई। मैंने देखा कि सलमान जिम के कपड़ों में बैठे फोन पर बात कर रहे थे। उनके पास उनके एक फ्रेंड खड़े थे। मैंने उनसे इशारे में पूछा कि क्या मैं सलमान से बात कर सकती हूं। उन्होंने मना कर दिया, लेकिन सलमान के सामने से निकलते समय मैंने उन्हें सलाम किया। उन्होंने जवाब भी दिया। बाद में उनके फ्रेंड मेरे पास आए और कहा कि सलमान भाई ने आपको बुलाया है। मैं खुशी-खुशी उनसे मिलने गई और एक फैन की तरह बात की। बाद में पता चला कि उस मुलाकात में ही उन्होंने मुझे वीर फिल्म के लिए फाइनल कर लिया है।
क्या सलमान ने उसी वक्त आपको बता दिया कि वे आपको वीर में कास्ट करने जा रहे हैं?
नहीं। उनके डिजाइनर ने मुझे बताया कि सलमान भाई आपको वीर के लिए सोच रहे हैं। बाद में उन्होंने मुझे ऑडिशन के लिए भेजा। मैंने ऑडिशन दिया, फिर मेरा फोटोशूट हुआ। कुछ दिन बाद सलमान और अनिल शर्मा ने मुझे बताया कि आप फिल्म में राजकुमारी यशोधरा की भूमिका के लिए फाइनल की गई हैं। मुझे ऐसा लगा कि मैं कोई सपना देख रही हूं। सच कहूं, तो अभी तक मुझे सब सपने जैसा ही लग रहा है।
वीर की शूटिंग शुरू होने से पहले क्या आपने किसी प्रकार की तैयारी की थी?
हां, अनिल शर्मा के साथ मैंने दो महीने तक अपने सीन के रिहर्सल किए। मैंने एक्टिंग की फॉर्मल ट्रेनिंग नहीं ली है। सलमान और कट्रीना ने भी मेरी काफी मदद की। जिन लोगों ने फिल्म वीर नहीं देखी होगी, उनके लिए मैं बता दूं कि इसमें मैं राजकुमारी यशोधरा के किरदार में हूं। यशोधरा सुलझी हुई लड़की है। उसे घमंड नहीं है कि वह राजकुमारी है। वह पिंडारी योद्धा वीर से प्यार करती है। यशोधरा के किरदार के लिए मैंने दस किलोग्राम वजन बढ़ाया। अनिल शर्मा ने जब मुझे पुराने जमाने की राजकुमारी की फोटो दिखाई और कहा कि आपको हट्टा-कट्टा दिखना है। उसके लिए आपको वजन बढ़ाना पड़ेगा। अनिल शर्मा और सलमान के लिए मैंने खुशी से अपना वजन बढ़ा लिया।
कट्रीना से आपके फेस की सिमलैरिटी का भविष्य में लाभ होगा या नुकसान?
मुझे पता नहीं। लोगों को लगता है कि मेरा चेहरा कट्रीना से मिलता है, लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता। खैर,कट्रीना से तुलना होना मेरे लिए बड़ा कॉम्पि्लमेंट है। वे बेहद खूबसूरत महिला हैं।
क्या आप अपनी नई पहचान का श्रेय सलमान खान को देंगी?
मेरी जो भी पहचान है, उसका क्रेडिट सलमान खान को जाता है। उन्होंने मेरी लाइफ बदल दी है। वे नहीं मिलते तो आज मैं वीर की यशोधरा नहीं होती।
भावी योजनाएं क्या हैं?
वीर रिलीज हो चुकी है। अब मैं नई फिल्में साइन करूंगी। सलमान के साथ एक रोमांटिक फिल्म करना चाहूंगी। यही इच्छा भी है।
सेरेना ने बरकरार रखा आस्ट्रेलियन ओपन का ताज
अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में बेल्जियम की जस्टिन हेनिन को पछाड़कर पांचवीं बार आस्ट्रेलियन ओपन के महिलाओं के एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। यह उनका 12वां ग्रैंड स्लैम खिताब है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सेरेना ने फाइनल मुकाबले में हेनिन को 6-4, 3-6, 6-2 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही सेरेना ने पांचवीं बार यह खिताब अपने नाम किया। इससे पहले, 2003, 2005, 2007 और 2009 में उन्होंने यह खिताब जीता था।
जीत के बाद सेरेना ने कहा, “जस्टिन के साथ खेलना अच्छा अनुभव रहा। आप भूल गए होंगे कि वह कैसा खेलती है। वह बहुत अच्छी है। उसके खिलाफ खेलते वक्त हमेशा तैयार रहना पड़ता है।”
उन्होंने कहा, “मैं हर हाल में तीसरा और अंतिम सेट जीतना चाहती थी। मैंने तय कर लिया था कि यह मौका मेरे लिए है और इसे चूकना नहीं है। मैंने अंतिम सेट में अच्छा सर्व भी किया।”
हेनिन ने अपनी हार के बाद कहा, “पिछले दो हफ्ते मेरे लिए बहुत भावुक रहे हैं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इतना महत्वपूर्ण मैच खेलूंगी।”
उन्होंने कहा, “दोबारा अपने खेल की शुरुआत करने के लिए आस्ट्रेलिया से बेहतर कोई स्थान नहीं हो सकता था जहां खेल एक संस्कृति की तरह है। मैं आपसे बस यही कहना चाहूंगी कि अगले साल फिर मिलेंगे।”
उल्लेखनीय है कि 20 महीने पहले हेनिन ने टेनिस को अलविदा बोल दिया था। संन्यास से वापसी के बाद यह दूसरी प्रतियोगिता थी जिसमें हेनिन ने हिस्सा लिया।
सेरेना ने अमेरिका के लिए यह 12वां ग्रैंड स्लैम जीता है। इस जीत के साथ ही 2002 के बाद खिताब बरकरार रखने वाली वह पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। सेरेना से पहले जेनिफर कैप्रियाती ने वर्ष 2002 में अपना खिताब बरकरार रखा था।
हरियाणा में 5वीं तक फेल नहीं होंगे बच्चे
बच्चों के लिए हैप्पी न्यूज। कक्षा तीसरी तक कंधे से उतरेगा बस्ता और पांचवीं तक फेल होने की टेंशन नहीं। बच्चों को शारीरिक व मानसिक राहत देने की यह कवायद सर्व शिक्षा अभियान के तहत शुरू हो चुकी है। प्रदेश के 100 स्कूलों में यह योजना प्राथमिक तौर पर लागू की जाएगी। इनके परिणाम देखकर ही यह फार्मूला पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। इस रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए करनाल में बैठक होगी।
प्राथमिक शिक्षा ढांचे में आमूल-चूल परिवर्तन का आधार रखते हुए सर्व शिक्षा अभियान ने प्रदेश के 100 स्कूलों के लिए यह खास योजना बनाई है। इन स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को अव्वल आने या फिर फेल होने की चिंता भी नहीं होगी। बच्चों का बस्ता स्कूल में रखा रहेगा और उसकी हिफाजत के लिए रैक बनाए जाएंगे। बस्ते की साफ-सफाई के लिए उसे घर ले जाने की इजाजत बच्चों को दी जाएगी।
पांचवीं तक बच्चों को फेल नहीं करने के पीछे सबसे बड़ा कारण यह है कि बच्चों पर होम वर्क करने का दबाव रहता है तो साथ ही अभिभावक भी बच्चे के गृह कार्य को लेकर चिंता में रहते हैं। यह प्लानिंग तैयार हुई कि बच्चों को होम वर्क नहीं दिया जाएगा और अध्यापन का तमाम काम स्कूल में ही किया जाएगा। इससे बच्चों के साथ ही अभिभावकों को भी मानसिक राहत मिलेगी।
नए शिक्षण सत्र की योजना तैयार करने के लिए गत दिनों चंडीगढ़ में सर्व शिक्षा अभियान की बैठक हुई थी बैठक में शिरकत करने आए प्रदेश के सभी जिलों के परियोजना संयोजकों को इस नई व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई।
जिला परियोजना संयोजक सूरज प्रकाश चावला ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एसएसए के निदेशक पीके दास ने बैठक में बताया कि योजना के तहत प्रदेश के 100 स्कूलों को शामिल किया जाएगा। इन स्कूलों में योजना के परिणाम देखने के बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूलों के चयन व नए शिक्षण सत्र की तैयारी को लेकर छह फरवरी को दोबारा प्रदेश के सर्व शिक्षा अभियान की बैठक करनाल में होगी। इस बैठक में उस योजना की गाइड लाइन पर चर्चा होगी।
सेक्स टूरिज्म की छवि से गोवा सरकार परेशान
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत में एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में उभरे गोवा पर लग रहे सेक्स डेस्टिनेशन के तमगे से राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र भी परेशान है। खासकर पिछले दिनों में गोवा में विदेशियों के साथ दुराचार को लेकर वह ज्यादा चिंतित है।
अब गोवा सरकार ने जहां विज्ञापनों में बिकनी पहने लड़की दिखाने पर पाबंदी लगा दी है। वहीं पर्यटन एजेंसियों की मदद से एक आचार संहिता बनाने में लगी केंद्र सरकार को भी इससे बल मिला है।
विदेशी पर्यटकों के बीच गोवा ताजमहल के बाद सबसे बड़ा आकर्षण रहा है। अब जब विदेशी पर्यटकों का आकर्षण फिर से भारत की ओर बढ़ने लगा है तो सरकार नहीं चाहती है कि इन स्थानों पर कानून व्यवस्था, दुर्व्यवहार व सेक्स की छवि के कारण लोग आने से ठिठकें और विदेशों में भारत की छवि बदनाम हो।
लिहाजा केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने एक आचार संहिता के जरिए लोगों को जागरूक बनाने की कवायद शुरू की है। हालांकि यह संहिता खासतौर पर बाल यौन शोषण को ध्यान में रखकर बनाई गई है। जल्द ही एक हेल्पलाइन भी लाई जाएगी। गोवा सरकार की हाल की पहल को अच्छी शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
गोवा की सेक्स छवि से परेशान राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि सरकारी विज्ञापनों में बिकनी पहने लड़की नहीं दिखाई जाएंगी।
पिछले दिनों गोवा में कुछ विदेशी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया जा चुका है। सरकार की चिंता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बाल यौन शोषकों की सुरक्षित पनाहगाह बनने की आशंका जताई गई थी।
केंद्रीय स्तर पर मंत्रालय पहले ही विज्ञापनों के जरिए लोगों को जागरूक कर रहा है। अब आचार संहिता व हेल्पलाइन के जरिए कारवाई की कवायद हो रही है। राज्य के पर्यटन मंत्री फ्रांसिस्को पाचेको ने साफ कर दिया है कि समंदर किनारे महिलाओं के बिकनी पहनने पर कोई पाबंदी नहीं होगी। पाबंदी केवल विज्ञापनों तक सीमित होगी।
पाकिस्तान जाकर IPL मैच खेलें शाहरुख : शिव सेना
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हिमायत करने वाले बॉलिवुड स्टार शाहरुख खान को शिव सेना का गुस्
सा झेलना पड़ रहा है। शिव सेना ने कहा है कि अगर शाहरुख के दिल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए इतनी ही हमदर्दी है, तो वह अपनी टीम के साथ पाकिस्तान में जाकर मैच खेलें।
शिव सेना ने यह भी कहा कि वह ठाणे में शाहरुख खान की फिल्में प्रदर्शित नहीं होने देगी। शिव सेना के राज्य सभा के सांसद संजय राउत ने कहा कि शाहरुख का पाकिस्तानी खिलाड़ियों के हक में बोलना उचित नहीं है।
राउत ने कहा कि अगर शाहरुख पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं, तो उन्हें भारत में नहीं बल्कि लाहौर में आईपीएल मैच खेलने होंगे। पाकिस्तान भारत में हो रही आतंकवादी घटनाओं के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है और उसे लेकर सेना का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। सेना पाकिस्तान के
इन्हें भी पढ़ें
* अब आमिर बने पाक खिलाड़ियों से हमदर्द
* पाक खिलाड़ियों के लिए IPL-3 के दरवाजे बंद
* पाक खिलाड़ियों के साथ गलत हुआ: अमिताभ बच्चन
* IPL में जगह दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश
* आईपीएल विवाद में अमन की आशा
और स्टोरीज़ पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
किसी भी खिलाड़ी को भारत की धरती पर खेलने नहीं देगी।
राउत ने कहा कि सेना द्वारा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी भारत में नहीं खेलने देने संबंधी पार्टी प्रमुख बाला साहेब ठाकरे का बयान अपनी जगह जायज है। ठाकरे ने कुछ दिन पहले कहा था कि जब तक ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर जारी हमले रुक नहीं जाते, वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के भारत में खेलने का विरोध करेंगे।
राउत और ठाकरे के बाद सेना के एक अन्य नेता एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हिमायत करने वाले शाहरुख की एक भी फिल्म ठाणे जिले में प्रदर्शित नहीं होने दी जाएगी। गौरतलब है कि शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘माइ नेम इज खान’ 12 फरवरी को प्रदर्शित हो रही है।
गौरतलब है कि शाहरुख ने बुधवार को अहमदाबाद में कहा था कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भी आईपीएल में खेलने का हक मिलना चाहिए।
महंगाई के खिलाफ भाजपा का उप्र में आंदोलन
महंगाई के खिलाफ रविवार को उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उपवास रखकर मानव दीवार बना प्रदशर्न किया।
रामपुर में आंदोलन कर रहे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी को गिरफ्तार कर लिया गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सुबह रामपुर-दिल्ली राजमार्ग पर उतरे नकवी ने मानव दीवार बनाकर राजमार्ग जाम किया जिसके बाद पुलिस ने नकवी सहित दर्जनों भाजपाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और भाजपाइयों के बाच हाथापाई भी हुई। फिलहाल सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है।
वाराणसी, कानपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, फैजाबाद, देविरया सहित अन्य जिलों में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर महंगाई और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की नीतियों के विरोध में मानव दीवार बनाकर प्रदर्शन किया। इन जिलों में भी प्रदशर्न के दौरान भाजपाईयों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की की खबरें हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने आईएएनएस को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी इलाहाबाद में, वरिष्ठ पार्टी नेता कलराज मिश्र वाराणसी में, ओम प्रकाश सिंह कानपुर में, हुकुम सिंह मुजफ्फरनगर में और वह स्वयं रायबरेली में इस पूर्व घोषित राज्यव्यापी जनआंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि राजधानी लखनऊ, गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, संतकबीर नगर में यह जनआंदोलन एक फरवरी को होगा।
प्यार को लेकर सवाल करेंगे किंग खान
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म ‘माई नेम इज किंग खान’ के प्रचार के सिलसिले में देश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करेंगे और लोगों से प्यार से जुड़े सवाल पूछेंगे।
फिल्म ‘माई नेम इज किंग खान’ के निर्माता और निर्देशक करन जौहर ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि फिल्म के प्रचार-प्रसार के सिलसिले में शाहरुख देश भर में घूमेंगे।
शाहरुख इससे पहले वर्ष 2006 में अपनी फिल्म ‘डॉन-द चैस बिगिन्स एगेन’ के प्रचार के सिलसिले में लोगों से रूबरू हुए थे।
शाहरुख के कार्यक्रम के संबंध में करन ने कहा कि लोगों से पूछा जाएगा कि आखिर वे प्यार की खातिर क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा प्रयास साबित होगा।
करन ने कहा, “मेरा मानना है कि वक्त के गुजरने के साथ-साथ सिनेमा में परिपक्वता आ रही है। दर्शकों से सीधे जुड़कर हम कई बातें जान सकते हैं। इसके लिए उनसे रूबरू होना पड़ेगा। “
सिंगल स्क्रीन पर सलमान का कब्जा!
सलमान खान की फिल्म ‘वीर’ को भले ही मल्टिप्लेक्सों पर इतनी कामयाबी नहीं मिली, लेकिन सिंगल स्क्रीन थिएटरों पर हुई जबर्दस्त कलेक्शन ने उन्हें काफी सह
ारा दिया है।
सलमान के चाहने वाले सिर्फ हिंदी भाषी राज्यों में ही नहीं, बल्कि साउथ में भी हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी फिल्म ‘वीर’ को सिर्फ दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और झारखंड ही नहीं, बल्कि हैदराबाद सहित साउथ के कुछ शहरों में भी जबर्दस्त ओपनिंग मिली।
गौरतलब है कि ‘वीर’, ‘थ्री इडियटस’ के बाद इस साल के पहले तीन सप्ताहों में रिलीज हुई पहली फिल्म है, जिसे वीकएंड पर सत्तर से नब्बे फीसदी की जबर्दस्त ओपिनंग मिली है। गौरतलब है कि पिछले साल भी सलमान स्टारर ‘वॉन्टेड’ अगर बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त हिट साबित हुई, तो इसका क्रेडिट बी और सी क्लास सेंटरों पर फिल्म की जबर्दस्त कलेक्शन को ही जाता है।
राजधानी के करीबन सभी सिंगल स्क्रीन थिएटरों पर संडे को ‘वीर’ के सभी शो हाउसफुल रहे। यही वजह है कि मल्टिप्लेक्सों पर उम्मीद से कम बिजनस को लेकर सलमान बेफ्रिक हैं। ‘वीर’ को वीकएंड तक मिली कलेक्शन के बारे में सलमान ने कहा, ‘मुझे पहले से मालूम था कि फिल्म ऐसे दर्शकों को पसंद आएगी, जो थिएटर में बेवजह टेंशन लेने नहीं आते।
फिल्म की रिलीज से पहले ही हमने प्रॉडक्शन कंपनी इरोज के साथ तय किया था कि ज्यादातर प्रिंट ऐसे छोटे शहरों में भी रिलीज करेंगे, जहां मेगा बजट और नामी स्टार कास्ट की फिल्में रिलीज के दो-तीन हफ्ते बाद आती हैं। ऐसा करना हमारे लिए फायदे का सौदा सबित हुआ और सिंगल स्क्रीन थिएटरों के दम पर ही हमने रिलीज के पहले तीन दिनों में सत्तर से नब्बे फीसदी की कलेक्शन की। वहीं यूपी, मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई छोटे सेंटरों पर ‘वीर’ की कलेक्शन ‘थ्री इडियटस’ से भी ज्यादा रही।
बहरहाल, अपने इस ड्रीम प्रॉजेक्ट को सिंगल स्क्रीन थिएटरों पर मिले जबर्दस्त रेस्पॉन्स के बाद अब दबे स्वर में ही सही, लेकिन सलमान कबूल करने लगे हैं कि सिंगल स्क्रीन थिएटरों में उनका जलवा है और यही क्लास उनकी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट कराने का दम रखती है।
गौरतलब है कि ‘वॉन्टेड’ की कामयाबी के बाद सलमान ने मल्टिप्लेक्स कल्चर की दो फिल्में ‘लंदन ड्रीम्स’ और ‘मैं और मिसेज खन्ना’ कीं। लेकिन यहां उनके चाहने वालों की क्लास सल्लू से दूर हो गई और मल्टिप्लेक्स के दर्शकों ने फिल्म को ठुकरा दिया। हालांकि ‘वॉन्टेड’ के बाद ‘वीर’ को सिंगल स्क्रीन वाले छोटे सेंटरों पर मिल रहे जबर्दस्त रेस्पॉन्स के बाद अब सलमान ने भी इसी क्लास पर फोकस किया है। तभी तो वह हैदराबाद के बाद अपने फैंस से मिलने जयपुर जा पहुंचे। अभी भी सलमान छोटे शहरों के आम दर्शकों के बीच अपनी फिल्म का प्रमोशन करने की सोच रहे हैं।