Archive

Archive for the ‘अंतर्राष्ट्रीय’ Category

करजई का शपथ ग्रहण समारोह कड़ी सुरक्षा में शुरू

November 19, 2009 Leave a comment

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। वे लगातार दूसरी बार देश का सर्वोच्च पद संभालने जा रहे हैं।

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राजधानी काबुल स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के अलावा भारत, जर्मनी, फ्रांस तथा ब्रिटेन के विदेश मंत्री हिस्सा ले रहे हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में 500 से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया गया है जिनमें 102 विदेशी मेहमान और 398 अफगानी शामिल हैं।

अफगानिस्तान में सैन्य मिशन बढ़ाएगा जर्मनी

November 19, 2009 Leave a comment

जर्मनी ने अफगानिस्तान में अपने सैन्य मिशन को अगले एक वर्ष के लिए बढ़ाने का फैसला किया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक जर्मनी के अफगान मिशन की अवधि इसी वर्ष 13 दिसंबर को पूरा हो रही थी। अफगानिस्तान में जर्मनी के 4,000 से अधिक सैनिक तैनात हैं।

जर्मनी के विदेश मंत्री ग्यूडो वेस्टरवेल ने बुधवार को कहा कि उनका देश सहयोगियों को बताना चाहता है कि विश्व में शांति और सुरक्षा के लिए वह एक विश्वसनीय सहयोगी है।

ओबामा ने की दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात

November 19, 2009 Leave a comment

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने एशियाई दौरे के अंतिम चरण में गुरुवार को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली मयंग बेक से मुलाकात की।

दोनों नेताओं ने मुख्य रूप से उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम से संबद्ध बहुपक्षीय वार्ता में कम्युनिस्ट राष्ट्र को फिर से शामिल किए जाने के संयुक्त प्रयासों के बारे में चर्चा की।

इसके अलावा दोनों नेताओं ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच सुरक्षा गठबंधन तथा मुक्त व्यापार समझौते के प्रस्तावित अनुमोदन के बारे में विचार-विमर्श किया।

अमेरिकी प्रशासन की जल्द ही उत्तर कोरिया मामलों के अपने विशेष प्रतिनिधि स्टीफन बोस्वर्थ को प्योंगयोंग भेजने की योजना है। बातचीत का मकसद छह पक्षीय वार्ता की बहाली है। उत्तर कोरिया से इस वार्ता से गत अप्रैल में हट गया था।

इस वार्ता में उत्तर कोरिया के अलावा चीन, जापान, रूस, दक्षिण कोरिया और अमेरिका भी हिस्सा ले रहे थे।

ओबामा अपने एशियाई दौरे में जापान, सिंगापुर, चीन के बाद दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। गुरुवार को दक्षिण कोरिया के समीप एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने का दौरा करने के बाद ओबामा स्वदेश रवाना हो जाएंगे।

चीन में 107 साल की वृद्धा के दोबारा दांत निकल

November 19, 2009 Leave a comment

पूर्वी चीन की यीचुआन काउंटी की एक 107 वर्षीय महिला के दोबारा दांत निकलते देख उसके पड़ोसियों की हैरानी का ठिकाना न रहा।

समाचार पत्र ‘चायना डेली’ के गुरुवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक जियाओ झेनवा अपने उत्सुक दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को अक्सर अपने दो नए दांत दिखाती हैं।

चिकित्सकों का कहना है कि एक 100 वर्ष की उम्र पार कर चुके व्यक्ति में नए दांत निकलना बहुत दुर्लभ है।

जियाओ अपने 60 सदस्यीय परिवार के साथ रहती हैं। उनके परिवार में पांच पीढ़ियां हैं।

पेशावर में शक्तिशाली विस्फोट,13 मर

November 19, 2009 Leave a comment

पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक न्यायालय परिसर के समीप शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।

डॉन ने खबर दी है कि विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे।

पेशावर में अक्टूबर की शुरूआत के बाद से यह नौवां विस्फोट है। पाकिस्तान में गत पांच अक्टूबर के बाद हुए आतंकवादी हमलों में 225 लोग मारे गए और 400 से ज्यादा घायल हो गए।

अमेरिका में पढ़ने वाले विदेशी छात्रों में भारतीय सर्वाधिक

November 17, 2009 Leave a comment

अमेरिका में विद्या ग्रहण करने के लिए आने वाले विदेशी छात्रों में सबसे ज्यादा भारत से आते हैं। अमेरिकी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों की संख्या से जुड़ी एक रपट में यह जानकारी दी गई है।

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिका में पढ़ाई के लिए आने विदेशी छात्रों में एशियाइयों की संख्या सबसे ज्यादा है और उनमें भी पिछले आठ साल से सबसे ज्यादा भारतीय आ रहे हैं। यहां 103,260 भारतीय छात्रों के साथ वर्ष 2008-9 में इनकी संख्या में नौ फीसदी वृद्धि हुई। इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशन एजुकेशन की ओर से सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

भारतीय छात्रों के बाद दूसरा नंबर चीन से आने वाले छात्रों का है। यहां चीन से 98,510 छात्र आते हैं। इनकी संख्या में 21 प्रतिशत वृद्धि हुई है। तीसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया से आने वाले छात्र हैं। दक्षिण कोरिया से 75,065 छात्र आते हैं, जिनकी संख्या में नौ फीसदी की वृद्धि हुई है।

‘ओपन डोर्स’ नाम की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका में वर्ष 2008-09 में 671,616 अंतर्राष्ट्रीय छात्र आए, जो पिछले साल के मुकाबले आठ फीसदी ज्यादा हैं। यहां कनाडा, जापान, ताइवान, मेक्सिको और तुर्की के छात्र भी बड़ी संख्या में आते हैं।

व्हाइट हाउस में मनाई गई गुरुनानक जयंती

November 16, 2009 Leave a comment

Obamaदीपावली के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के व्हाइट हाउस में गुरुनानक जयंती पर्व भी काफी धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह के दौरान सिख समुदाय के लगभग 125 लोग पारंपरिक पंजाबी पहनावे में मौजूद थे।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के इस समारोह में मौजूद न रहने के बावजूद व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों का नेतृत्व कर रहे एम. टेकहेन ने पिछले सप्ताह आयोजित हुए इस समारोह के दौरान मेहमानों का स्वागत किया।

सिख धर्म और शिक्षा परिषद (एससीओआरई) के हवाले से बताया गया है कि एम. टेकहेन ने इस समारोह के दौरान कहा, “यह आपका व्हाइट हाउस है और यहां आपके समुदाय के पहले समारोह की शुरुआत हो रही है। यह आपके समुदाय के यहां एकत्रित होने का एक हिस्सा है। हम आपके साथ संपर्क बनाए रखना चाहते हैं।”

सिख धर्म और शिक्षा परिषद के अध्यक्ष राजवंत सिंह ने कहा, “अमेरिका में यह समारोह हमारे समुदाय की आधारशिला रखने में अग्रणी रहने वाले सभी अग्रदूतों के लिए एक श्रद्धांजलि है।”

तालिबान, अल कायदा पर दबाव बढ़ाए पाकिस्तान : अमेरिका

November 16, 2009 Leave a comment

USA mapअमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा जहां अफगानिस्तान के लिए नई नीति की घोषणा करने की तैयारी में हैं, वहीं उनका प्रशासन तालिबान और अल कायदा के खिलाफ लड़ाई को विस्तार देने के लिए पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा रहा है।

समाचार पत्र ‘न्यूयार्क टाइम्स’ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार ऐसे समय जब ओबामा एशिया की यात्रा पर हैं, उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल जेम्स एल.जोंस को चुपचाप पाकिस्तान को चेतावनी देने भेजा गया है कि उसकी विफलता से नई रणनीति की कारगरता में कमी आएगी और अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या में वृद्धि होगी।

अखबार के अनुसार नई अमेरिकी रणनीति तभी कारगर होगी जब पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ अपनी लड़ाई का विस्तार करेगा।

माना जा रहा है कि इस सप्ताह घोषित होने जा रही ओबामा की रणनीति में पाकिस्तान केंद्रीय भूमिका में नजर आएगा।

अखबार के अनुसार जनरल जोन्स ने दक्षिणी वजीरिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई का समर्थन किया लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों से उत्तरी वजीरिस्तान में भागे आतंकवादियों के खिलाफ भी लड़ाई छेड़ने का आग्रह किया।

जनरल जोन्स पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के नाम ओबामा का एक पत्र भी ले गए हैं। इसमें ओबामा ने उम्मीद जताई है कि जरदारी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए खतरा बने आतंकवादियों के खिलाफ सभी राजनीतिक और सुरक्षा संस्थाओं को एकजुट कार्रवाई के लिए तैयार करेंगे।

अपने पत्र में ओबामा ने पाकिस्तान को खुफिया सूचनाओं की साझेदारी और सैन्य सहयोग सहित कई लाभों का प्रस्ताव रखा है।

प्रचंड अचानक सिंगापुर रवाना

November 16, 2009 Leave a comment

Pushpa Kamal Dahalनेपाल के प्रमुख माओवादी नेता व पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कुमार दहाल प्रचंड सोमवार को अचानक सिंगापुर रवाना हो गए। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक कयासबाजियां उफान पर हैं। उनकी पार्टी ने शुक्रवार तक अपनी मांगें नहीं माने जाने की सूरत में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की धमकी दी है।

प्रचंड के साथ माओवादी नेता और पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के प्रभारी कृष्ण बहादुर महारा भी सिंगापुर गए हैं।

पार्टी प्रवक्ता दीनानाथ शर्मा ने प्रचंड की यात्रा को उनका निजी कार्यक्रम बताया है।

बहरहाल, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि प्रचंड वहां नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला से देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर आपात चर्चा करेंगे। कोइराला अपने इलाज के लिए पिछले कुछ समय से सिंगापुर में ही हैं। वह निमोनिया और फेफड़े के संक्रमण से पीड़ित हैं।

माना जा रहा है कि प्रचंड अपनी पार्टी की मांगों के मद्देनजर कोइराला के मार्फत सत्तारूढ़ गठबंधन पर दबाव डलवाने के मसले पर चर्चा करेंगे ताकि बीच-बचाव का कोई रास्ता निकल सके।

चीन मजबूत, समृद्ध देश : ओबामा

November 16, 2009 Leave a comment

Obamaचीन के दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सोमवार को कहा कि चीन “राष्ट्रों के समुदाय का मजबूत, समृद्ध और सफल सदस्य है” और अमेरिका चीन के उदय को दबाना नहीं चाहता।

चीन के आर्थिक केंद्र शंघाई में साइंस एंड टेक्नोलॉजी म्यूजियम में चीनी युवाओं से चर्चा के दौरान ओबामा ने यह टिप्पणी की।

उन्होंने कहा कि मूल रूप से दुनिया परस्पर जुड़ी हुई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ओबामा ने कहा, “जो काम हम करते हैं, समृद्धि जिसका निर्माण हम करते हैं, पर्यावरण जिसका हम संरक्षण करते हैं और सुरक्षा जो हम चाहते हैं, सभी आपस में जुड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि किसी भी देश का विकास अन्य की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

ओबामा ने कहा कि अमेरिका चीन के साथ युवाओं का आदान प्रदान बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि युवा सबसे बेहतर राजदूत होते हैं और देशों के बीच सहयोग सरकारों से आगे बढ़ना चाहिए।

ओबामा चार दिवसीय चीन दौरे पर रविवार रात शंघाई पहुंचे। जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद ओबामा की यह पहली चीन यात्रा है।

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.